कोविड-19 के रविवार को चार नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में दीदारगंज, कुम्हरार, मंदिरी और संपतचक के एक-एक युवक शामिल हैं। ये सभी लोग हाल ही में अन्य प्रदेशों से लौटे हैं। इसके साथ ही पटना के छह आइसोलेशन वार्ड में कुल 115 लोगों का उपचार चल रहा है। 22 मार्च से अबतक पटना में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 200 हो गई है। इसमें से 83 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं जबकि दो लोगों की मौत हो चुकी है।
सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर चौधरी ने बताया कि मुंबई से लौटे मंदिरी के युवक ने आते ही फोन कर लौटने की जानकारी देते हुए कोरोना जांच करवाने की बात कही। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होटल पाटलिपुत्र अशोक में उसे क्वारंटाइन कर जांच के लिए नमूना भेजा था। युवक होटल में ही भर्ती कर इलाज करा रहा है।