देखते-देखते अब लगभग पूरे झारखंड में कोरोना ने अपना पांव पसार दिया है। इस महामारी की चपेट में राज्य के 20 जिले आ गए हैं। जबकि कुल 24 जिलों में से सिर्फ 4 जिले ही अब सुरक्षित बचे हैं। इनमें चतरा, खूंटी, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं। हाल के दिनों में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात, तेलंगाना आदि राज्यों से हजारों प्रवासी मजदूरों के आगमन के बाद इस खतरनाक बीमारी का फैलाव तेजी से बढ़ा है। कई नए जिले इसकी जद में आ गए हैं।
गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां उन जिलों में शुमार हैं, जहां एक-दो दिनों के भीतर ताजा मामले पकड़ में आए हैं। मंगलवार को राज्य में एक बार फिर कोरोना के 16 नए केस मिले। इनमें रांची के हॉट स्पॉट, कंटेनमेंट जोन हिंदपीढ़ी में भी एक नया मरीज शामिल है। इसके साथ ही हजारीबाग में छह, कोडरमा में तीन, तथा रांची, रामगढ़, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां में एक- एक पॉजीटिव केस मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 248 पर पहुंच गई है।
रांची से गौरी रानी की रिपोर्ट