झारखंड में कोरोना बेकाबू होते जा रहा है। सोमवार को राज्य में 10 और कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा। इसके साथ ही राज्य में मौत की संख्या 71 पर पहुंच गई है। सोमवार को सर्वाधिक छह लोगों की मौत जमशेदपुर में हुई। इसके अलावा धनबाद के दो तथा गढ़वा और रामगढ़ में एक-एक संक्रमित ने दम तोड़ा। रामगढ़ के संक्रमित की मौत दो दिन पहले ही हुई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण की पुष्टि आज हुई। रामगढ़ और गढ़वा में कोरोना संक्रमित की पहली मौत है। इस बीच सूबे में 232 पॉजिटिव मिले हैं, इनमें 71 रांची के हैं। वहीं 117 मरीज ठीक होकर घर लौटे।