PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज नेहरु पथ स्थित पुनाईचक के समीप नवनिर्मित नेहरू पार्क में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्व० पंडित जवाहरलाल नेहरु की पुनस्थापित प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अनावरण के पश्चात मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित नेहरु पार्क का भ्रमण किया। भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस पार्क प्रांगण में सघन वृक्षारोपण का कार्य कराएं ताकि यह ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित हो सके। वृक्षारोपण के कार्य में आवश्यकतानुसार ‘मियावाकी पद्धति’ को भी अपनायें। इस पार्क का निर्माण काफी सुंदर ढंग हुआ है।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भवन निर्माण विभाग के सचिव सह पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को पंडित जवाहरलाल नेहरु द्वारा लिखित पुस्तक ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया का हिंदी और अंग्रेजी संस्करण भेंट किया।
इस अवसर पर वित्त, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह पटना प्रमण्डल के आयुक्त कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो, पटना नगर निगम के आयुक्त अनिमेष पराशर सहित अन्य वरीय अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।.
पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट