PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षा बंधन के पावन अवसर पर आज पटना स्थित राजधानी वाटिका-1 में पाटलि वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा। बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर राजधानी वाटिका में मुख्यमंत्री ने पाटलि वृक्ष का रोपण भी किया। पहली बार 13 अगस्त 2012 को रक्षा बंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने “वृक्ष सुरक्षा दिवस” का शुभारंभ किया गया था।
इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोग जागरूक हों और अधिक से अधिक पौधारोपण करें एवं पौधों को संरक्षित करें। जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी पर हो रहे नुकसान को कम करने के लिए पौधारोपण करना एवं इन्हें बचाना आवश्यक है। जल-जीवन-हरियाली के अन्तर्गत वृक्षारोपण किया जा रहा है। राज्य का हरित आवरण अब लगभग 15 प्रतिशत हो गया है जिसे 17 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिये राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य में इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है इसके लिये विभाग में इको टूरिज्म विंग का गठन तथा इको टूरिज्म पॉलिसी बनायी जा रही है। इन सभी प्रयासों से राज्य के लोग पर्यावरण एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा पौधारोपण के प्रति जागरूक होंगे।
इस अवसर पर बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, पूर्व मंत्री-सह- विधायक विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री सह विधायक अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री-सह-विधायक संजय कुमार झा, पूर्व मंत्री-सह-विधायक श्रवण कुमार, पूर्व मंत्री सह विधायक श्रीमती शीला कुमारी सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव अरविन्द चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशुतोष, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्रीसिंह, जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
पटना से विशाल भारद्वाज की रिपोर्ट