PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में आयोजित विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के नवचयनित सहायक प्राध्यापक (असैनिक) एवं पंचायती राज विभाग के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये खुशी की बात है कि आज कुल 425 पदों पर नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। आज उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव जी का जन्मदिन भी है, मैं उनके जन्मदिन पर उन्हें बधाई और शुभकामनायें देता हूं. बता दें कि, इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के 5 नवचयनित सहायक प्राध्यापक (असैनिक) एवं पंचायती राज विभाग के 5 प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग के द्वारा हमलोगों ने हर जिले में एक-एक अभियंत्रण महाविद्यालय और 46 पॉलिटेक्निक संस्थानों का प्रावधान कर दिया है। लगभग सभी जगह निर्माण कार्य पूर्ण है और पढ़ाई की जा रही है। पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए लोगों को बाहर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि जब हम केंद्र में मंत्री थे और विभिन्न राज्यों में जाते थे तो वहां के इंजीनियरिंग कॉलेजों में बड़ी संख्या में बिहार के छात्र दिखते थे। अब सबलोगों को बिहार में ही इंजीनियरिंग की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध हो गयी है। उन्होंने कहा कि जितने और लोगों की बहाली की जरुरत है उनकी बहाली जल्दी ही की जाएगी। डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस सहित अन्य विभागों में जितनी बहाली की जरुरत होगी वो शीघ्र पूरी की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विकास के कई काम किये जा रहे हैं। हर घर बिजली, हर घर तक नल का जल, पक्की नली-गली का निर्माण, हर घर शौचालय का निर्माण किया गया है। लोगों को जो भी सुविधायें दी जा रही हैं उसके मेंटेनेंस को भी देखते रहना है. सरकार जिन चीजों का निर्माण कार्य करती है, उसका मेंटेनेंस होना चाहिये। सभी कार्यों का क्रियान्वयन ठीक ढंग से हो, इसपर ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि गांव में अब रातों में सोलर स्ट्रीट लाइट के माध्यम से रौशनी उपलब्ध होगा, गांव का दृश्य अच्छा लगेगा। जो लोग गांव छोड़कर जा रहे थे, उनको अपने गांव में ही विकास होने से अच्छा लगेगा। कृषि के विकास को लेकर काम किये जा रहे हैं। कृषि के विकास से गांव में भी लोगों को और रोजगार मिलेगा।