बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी विष्णुदेव नारायण सिंह के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करते हुये उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में स्व० विष्णुदेव नारायण सिंह का अहम योगदान था।
स्व० विष्णुदेव नारायण सिंह ने महज 14 वर्ष की आयु में सन् 1939 में ही अंग्रेजों के खिलाफ हल्ला बोल दिया था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वे कई बार अंग्रेज सरकार द्वारा गिरफ्तार किये गये थे। स्व० विष्णुदेव नारायण सिंह बिहार राज्य स्वतंत्रता सेनानी संगठन के अध्यक्ष थे। वे ग्राम चितौखर, टिकारी जिला गया के रहने वाले थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा वर्ष 2019 में उन्हें सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा है कि विष्णुदेव नारायण सिंह के निधन के समाचार से उन्हें गहरा दुःख हुआ है।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी विष्णुदेव नारायण सिंह के पुत्र अनिल कुमार से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने जिला प्रशासन गया को वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी विष्णुदेव नारायण सिंह के अंतिम संस्कार हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
-अनामिका की रिपोर्ट