रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज झारखंड मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी एवं उनके पति अतनु दास ने मुलाकात की. दीपिका कुमारी एवं अतनु दास ने मुख्यमंत्री के समक्ष विगत दिनों आयोजित हुए टोक्यो ओलंपिक 2020 के अनुभवों को साझा किया. इन दोनों तीरंदाजी खिलाड़ियों ने राज्य सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया.
भेंटवार्ता के क्रम में तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि मैं आगामी खेल प्रतियोगिता में झारखंड और देश का नाम रोशन करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी एवं अतनु दास के टोक्यो ओलंपिक 2020 में उनकी बेहतर प्रदर्शन की सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल में हार जीत लगी रहती है. मुख्यमंत्री ने दीपिका कुमारी से कहा कि राज्य और देश को अपनी उपलब्धियों से गौरवान्वित करना जारी रखने के लिए आप कड़ी मेहनत करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल पॉलिसी हमारी सरकार ने बनाई है. खेल पॉलिसी के तहत खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति भी हुई है. यहां के खिलाड़ियों को बेहतर और आधुनिक सुविधा प्रदान करने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. झारखंड के खिलाड़ी विश्व में अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन करें इस निमित्त खिलाड़ियों को राज्य सरकार जरूरत की सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है.
मुख्यमंत्री ने दीपिका कुमारी एवं अतनु दास से कहा कि आप अपने प्रदर्शन से देश और दुनिया में राज्य का मान-सम्मान बढ़ाते रहें. मुख्यमंत्री ने दीपिका कुमारी से कहा कि राज्य के लिए यह गर्व की बात है कि आप तीरंदाजी खेल में इतनी दूर तक पहुंची हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सोच है कि यहां के खिलाड़ी जिस ट्रेक में खेलें वहां अधिक से अधिक बेहतर प्रदर्शन करें. खेल पॉलिसी में खिलाड़ियों से संबंधित सभी चीजों का ख्याल रखा गया है.
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी एवं अतनु दास एवं उनके परिजन शिव नारायण महतो एवं गीता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे उपस्थित थे.
गौरी रानी की रिपोर्ट