रांची ब्यूरो
रांची: रांची नगर निगम की महापौर आशा लकड़ा ने लॉकडाउन 3.0 फेज और गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य शाखा और वाटर बोर्ड की समीक्षा बैठक के बाद प्रेस को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि साफ सफाई और जलापूर्ति के साथ कोविड-19 को देखते हुए समीक्षा बैठक रखी गई थी। इसमें कई विषय सामने आये हैं। विशेषकर साफ-सफाई को लेकर प्रत्येक वार्ड में सेनीटाइज कर रहे हैं और गर्मी को देखते हुए जल आपूर्ति हमारी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने वार्ड को सैनिटाइज करने के लिए लगाए गए मशीनों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दिया, साथ ही कहा कि सबसे अधिक संसाधन साफ सफाई के लिए हिन्द पीढ़ी के इलाके में लगाए गए हैं। क्योंकि वहां पर संक्रमण अधिक है। जल आपूर्ति के संबंध में 19 करोड़ 77 लाख 78 हजार 7 सौ 21 रुपए का सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन हमें 44 लाख 7 सौ 56 रुपया ही भेजा गया है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील किया कि शेष राशि जल्द से जल्द हमें भेज दी जाये। जिससे शहर की जनता को जल आपूर्ति सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने 1137 करोड़ राशि का जिक्र करते हुए कहा कि यह राशि नागरिक सुविधा के लिए मिली थी, जो पार्क डेवलपमेंट, रोड लाइट के लिए प्रयोग किया जाता है। अंत में उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द निगम को पूरी राशि दे देनी चाहिए जिससे कि शहर के लोगों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े
।