BANKA: बांका में देर रात्रि तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बास्की नाथ से पूजा कर लौट रहे कावंरिया से भरे श्रद्धालु ऑटो को जोरदार टक्कर मारी। जिसमें ऑटो सवार दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई।वहीं गंभीर अवस्था में आठ श्रद्धालुओं को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में कार भी पलट गया। दुर्घटना भागलपुर-हंसडीहा सड़क मार्ग पर हुई है।
सभी बासुकीनाथ में पूजा अर्चना करके सवारी आटो से विभिन्न जिलों के बोल बम नवगछिया जा रहे थे। इसके बाद नवगछिया से सभी कावंरिया बम अपने-अपने जिले के वाहनों से अपने-अपने घर की ओर जाते।सवारी आटो से नेपाल थापा निवासी शारदा कार्तिक,जगत बहादुर कार्तिक,बैजू महतो,ममता कुमारी एवं बिहपुर सोनबरसा निवासी मृत्युंजय कुमार चौधरी, चंचल देवी,पुष्पा देवी और गोपालपुर केलाबाड़ी निवासी ममता देवी अमित कुमार एवं आटो चालक आदी सभी नवगछिया की ओर जा रहे थे।इसी क्रम में रजौन थाना क्षेत्र के धौनी होटल के समीप भागलपुर की ओर से आ रही बेलगाम ब्रेजा कार ने कावंरिया से भरे आटो में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी आटो सड़क किनारे फेंका कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।साथ ही ब्रेजा कार भी सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़ कर पहुंचे।आटो के अंदर फंसे कई लोग बचाओ बचाओ करके चिल्ला रहे थे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आटो के अंदर फंसे कई लोगों को बाहर निकाला।
इस दौरान मौके पर शारदा कार्तिक एवं ममता देवी की मौत हो चुकी थी।
मौके से कार छोड़कर कार सवार सभी लोग फरार हो गए।घटना की सूचना के बाद थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।जिसके बाद सभी आठ घायलों को गंभीर अवस्था में पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से आनन-फानन में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
रजौन हॉस्पिटल के डाक्टर द्वारा आठ कावंरिया का इलाज करने के बाद गंभीर अवस्था में सभी को बेहोशी हालत में ही भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है।जिसमें से कई लोगों की अभी भी गंभीर स्थिति बनी हुई है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आटो सवार दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल है। सभी को गंभीर अवस्था में मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है। घटना को लेकर पुलिस से छानबीन कर रही है।
बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट