रांची ब्यूरो
रांची: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा है कि कोरोना संकट के बीच लॉक डाउन के तीनों चरणों मे कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर गरीबों, मजदूरों, जरूरतमंदों की सेवा की। हजारों लोगों को प्रतिदिन भोजन, राशन के साथ मास्क, सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराए गये।
प्रकाश ने कहा कि पार्टी ने यह महसूस किया कि अब राजमार्गों एवं क्वारेंटाइन सेंटर में विशेष चिंता करने की आवश्यकता है। लॉक डाउन में थोड़ी ढील देने, श्रमिक ट्रेनों के परिचालन से हजारों प्रवासी मजदूर अब अपने गांव घर की ओर लौट रहे हैं। 50 दिनों से भी ज्यादा लॉक डाउन के कारण देश ने कोरोना महामारी के फैलाव को रोकने में बड़ी सफलता पाई है, परंतु आने वाले दिनों की छोटी लापरवाही बड़े संकट में प्रदेश को डाल सकती है। इसीलिये पार्टी ने राजमार्गों पर चल रहे हजारों मजदूरों की सेवा की चिंता की, वही उनके क्वारेंटाइन सेंटर के समुचित प्रबंधन एवं सुविधा की भी आवश्यकता पर बल दिया है। प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार पार्टी ने राजमार्ग रिलीफ कमिटी एवं क्वारेंटाइन सेंटर रिलीफ कमिटी का गठन किया है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ता सेवा कार्य करेंगे। दोनों कमिटियों में प्रदेश के तर्ज पर जिला एवं मंडल स्तर तक कार्यकर्ता जुड़कर कार्य करेंगे।