पटना: 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर एक तरफ जहां नीतीश कुमार विपक्षी एकता मुहिम में लगे हुए हैं, वहीं बीजेपी भी अपनी तैयारियों को लेकर पीछे नहीं हैं। गुरुवार को बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज देखने को मिली। बीजेपी सांसद संजय जायसवाल को आगामी चुनाव से पहले बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे लोकसभा की बजट समिति के चेयरमैन बनाए गए हैं।
दरअसल केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार संभावित है और उससे पहले नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में उलटफेर के संकेत भी मिलने लगे हैं। लोकसभा के लिए बजट समिति का गठन 8 अगस्त 2019 को किया गया था।
आपको बता दें कि 1 मई 2023 से संजय जायसवाल को अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है। इसकी जानकारी लोकसभा अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में है। महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर संजय जायसवाल ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को धन्यवाद दिया है।
बताते चलें कि संजय जायसवाल पश्चिम चंपारण से लोकसभा सांसद हैं। संजय जायसवाल के बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा चुके हैं। वहीं आने वाले चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने संजय जायसवाल के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उम्मीद की जा रही है कि जायसवाल बजट समिति के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाएंगे।