अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में पटना में दर्ज एफआइआर के आधार पर जांच के लिए बिहार पुलिस की टीम कई दिनों से मुंबइ में है। सूत्र बताते हैं कि बिहार पुलिस ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर दबिश बढ़ा दी है। इस बीच रिया भी पूछताछ व गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रही है। बिहार पुलिस रिया के खिलाफ ठोस सबूत इकट्ठा कर कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लेने के मूड में है।
सुशांत के सुसाइड मामले में मुंबई में जांच कर रही बिहार पुलिस की टीम को कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो रिया चक्रवर्ती तक पहुंचने के लिए पुलिस अभी सभी आरोपों से जुड़े ठोस सबूत जुटा रही है। पुलिस अपनी जांच में बैंक से जुड़े दस्तावेज को अहम मान रही है। सबूत जुटाने के बाद बिहार पुलिस रिया की गिरफ्तारी वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी देगी। इसके बाद पटना पुलिस यहां से महिला इंस्पेक्टर और महिला पुलिसकर्मियों की टीम को मुंबई रवाना करेगी।
फिलहाल पुलिस रिया को पूछताछ के लिए खोज रही है, लेकिन उसने परिवार के साथ अपना ठिकाना बदल दिया है। वे लोग गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गए बताए जा रहे हैं।