PATNA: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार में बिहार महाजंगलराज में तब्दील हो गया है।
अपराधियों का मनोबल इतना अधिक बढ़ गया है कि खुलेआम फायरिंग कर लोगों की हत्या की जा रही है। दहशत फैलाया जा रहा है। बेगूसराय की घटना देश की यह पहली घटना है जिसमें अपराधियों ने खुलेआम हाईवे पर 30 किलोमीटर तक फायरिंग करते रहे।
11 लोगों को गोली मार दी जाती है और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। देश व विदेश में बिहार की छवि धूमिल हो रही है। मुख्यमंत्री बिहार के गृहमंत्री भी हैं। उन्हें जवाब देना होगा, आखिर बिहार की जनता की गलती क्या है, जो उन्हें दहशत में जीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने कहा कि बिहार में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया कि ताबड़तोड़ हत्या, अपहरण, डकैती, लूट, बलात्कार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मुख्यमंत्री में थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो तुरंत इस्तीफा दें।
पटना से संजय कुमार मुनचुन की रिपोर्ट