Patna: इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के राजनीतिक गलियारों से निकलकर सामने आ रही है। जहां नीतीश कैबिनेट मंत्री संतोष कुमार सुमन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह बिहार सरकार में एससी/एसटी कल्याण मंत्री हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा सीएम नीतीश के खास मंत्री विजय चौधरी को सौंपा हैं।
देखा जाए तो बिहार में प्रस्तावित 23 जून विपक्ष की ऑल पार्टी मीटिंग से पहले नीतीश सरकार को ये बड़ा झटका लगा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जीतन राम मांझी की नाराजगी को लेकर नीतीश कुमार ने विजय चौधरी को मैनेज करने के लिए लगाया था। आज जीतन राम मांझी और विजय चौधरी की मुलाकात हुई। इस दौरान संतोष सुमन भी मौजूद थे। उन्होंने मंत्रिमंडल का अपना इस्तीफा विजय चौधरी को सौंप दिया।
पिछले कुछ दिनों से जीतन राम मांझी नीतीश कुमार पर प्रेशर पॉलिटिक्स खेल रहे थे। उन्होंने साफ किया था कि लोकसभा चुनाव 2024 में उनकी पार्टी को सम्मानजनक हिस्सेदारी नहीं मिली तो बिहार की सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। जीतन मांझी ने 5 सीटों की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने नीतीश कुमार के साथ रहने की कसम तोड़ने का भी इशारा दिया था।
सोमवार को भी जीतन राम मांझी ने मीडिया से बातचीत में इसका इशारा किया था। उन्होंने कहा था कि हम बिहार में 1 सीट पर भी चुनाव नहीं लड़ेगी। मीडिया कर्मियों ने जब उनसे पूछा कि मजाक तो नहीं कर रहे, तो जीतन राम मांझी ने कहा था कि आगे देखिए क्या होता है और मंगलवार को संतोष सुमन का इस्तीफा सामने आ गया।