बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर में एनएच 57 पर जाम हटाने गई पुलिस पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। भारी रोड़ेबाजी हुई। पुलिस को लाठी से खदेड़ा गया। इस हमले में दो पुलिस अधिकारी समेत चार जवान घायल हुए हैं। घायल अधिकारी में रुद्रपुर थानाध्यक्ष गया प्रसाद सिंह व भैरवस्थान थाना के एसआई विनय कुमार झा है। दोनों के सिर में पत्थर लगा है। घटना भैरवस्थान थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर घटित हुई है। जवाब में पुलिस ने भी कई राउंड हवा में गोलियां चलाई है। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। हवाई फायरिंग होते ही हमलावर भीड़ सुरक्षात्मक हो गई।
उसके बाद स्थानीय पुलिस के लोगों ने समझाने में कुछ सख्ती बरती और एक लेन को चालू करने का प्रयास किया। एक लाइन के 15- 20 गाड़ी के जाने के बाद ही लोग उग्र हो गए और यातायात चालू करवा रहे पुलिस बल पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। एसडीओ ने तत्काल गोली चलने की पुष्टि नहीं की। एसडीओ और प्रभारी डीएसपी को एनएच किनारे एक दुकान में शरण लेनी पड़ी।