RANCHI – भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में विधायक दल का नेता चुन लिया है। चंदनकियारी से विधायक और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर बाउरी भाजपा के नये विधायक दल के नेता बने हैं। मांडू के विधायक जय प्रकाश भाई पटेल को विधानसभा में पार्टी ने सचेतक बनाया गया है।
पार्टी के अधिकृत पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की रिपोर्ट के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर इन दोनों की नियुक्ति की गई है। भारतीय जनता पार्टी में विधायक दल के नेता को लेकर लंबे समय से चर्चा तेज थी। अश्विनी कुमार चौबे ने इश संबंध में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने लिखा है भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी ने मुझे झारखंड राज्य विधानमंडल दल के नेता पद के चयन हेतू पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। मैंने रांची स्थित झारखंड के प्रदेश भाजपा कार्यालय जाकर विधानमंडल दल के माननीय विधायकों के साथ बैठक की इसके बाद अलग से भी एक- एक से राय ली। इस बातचीत के बाद विचार विमर्श का प्रतिवेदन राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अमर कुमार बाउरी को नेता विधानमंडल दल और जय प्रकाश पटेल की जो सचेतक बनाये जाने के संबंध में सहमति दी है।