PATNA: फलों का राजा आम आज और भी खास हो गया जब पटना में दो दिवसीय प्रदर्शनी लगी। पटना के ज्ञान भवन में दो दिवसीय आम महोत्सव का आय़ोजन किया गया। बिहार सरकार के कृषि विभाग द्वारा यह प्रदर्शनी लगाई गई थी। जिसमें सूबे बिहार के अलग अलग जिलों से किसान आम लेकर पहुंचे थे।
कोरोना के कहर के बीच दो साल तक प्रदर्शनी नहीं लग पाई थी। जिससे किसानों में मायूसी थी। दो साल के बाद किसानों के चेहरे पर इस प्रदर्शनी को लेकर उत्साह देखा जा सकता था। बिहार के कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने आम के इस अनोखे प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आम की खेती और गुणवत्ता पूर्ण आम को बढ़ावा देना है।
आम की नई किस्मों और तकनीकों से बागवानों को अवगत कराने के साथ साथ आम के निर्यात और वैल्यू एडिशन के बारे में बागवानों एवं आमजनों को जानकारी देना है। आम महोत्सव 2022 में राज्य के विभिन्न जिलों के किसानों एवं उद्यमियों के द्वारा आम एवं इसके उत्पाद के करीब 2558 प्रदर्शनी के साथ भाग लिया गया।
इस प्रदर्शनी में बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर, डा राजेन्द्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान, बैंगलोर के द्वारा विभिन्न प्रजाति के आमों की किस्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
संजय कुमार मुनचुन की रिपोर्ट