हिंदी सिनेमा के शानदार अभिनेता इरफ़ान ख़ान का बुधवार को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। इरफ़ान न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर का शिकार हो गये थे, जिसका इलाज करवाने वो लंदन भी गये थे। इरफ़ान ख़ान की आख़िरी रिलीज़ अंग्रेज़ी मीडियम है, जो लॉकडाउन से ठीक पहले रिलीज़ हुई थी। इरफ़ान ख़ान के निधन की ख़बर फैलते ही देशभर में शोक की लहर छा गयी है। बॉलीवुड उनके अचानक निधन से सदमे में है। सोशल मीडिया में उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।
सूचना एवं प्रसारण में मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इरफ़ान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा- इरफ़ान ख़ान बहुआयामी कलाकार थे। उनके निधन की ख़बर सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार, दोस्तों और फैंस को दिल से संवेदनाएं। अमिताभ बच्चन ने इरफ़ान के साथ पीकू में काम किया था, जिसे शूजित सरकार ने निर्देशित किया था। इस फ़िल्म में दीपिका पादुकोण ने मुख्य किरदार निभाया था।