पटना में शनिवार की रात दो घंटे के दौरान 21.8 एमएम बारिश हुई। इसकी वजह से रात का तापमान छह डिग्री गिर गया। बारिश की वजह से रविवार को भी सुबह-शाम मौसम सुहाना रहा। लेकिन, दोपहर में उमसभरी गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम की ये स्थिति दो जून तक रहने का अनुमान है। इसके बाद तेज धूप की वजह से फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के मुताबिक देश के उत्तरी हिस्सों में 3 जून से पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कमजोर हो जाएगा। इस वजह से मौसम शुष्क होगा।
मौसम विभाग का कहना है कि साइक्लोन सर्किल का परिक्षेत्र बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ तक बना हुआ है। इसके साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश के तटवर्ती क्षेत्रों में निम्न दबाव के हवा का परिक्षेत्र भी बना हुआ है। इसकी वजह से दो जून तक बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। पटना में रविवार का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता 78 फीसदी रही। इसकी वजह से दिन में गर्मी का एहसास हो रहा था। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे जिससे दिन में उमसभरी गर्मी पड़ेगी।
मॉनसून मौसम विभाग के मुताबिक एक जून को केरल, लक्षद्वीप में मॉनसून दस्तक देगा। इसके बाद चार जून तक महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक में बारिश होगी। केरल में जहां मॉनसून बारिश की शुरुआत होगी, वहीं गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र के तटों पर प्री-मॉनसून वर्षा होगी।
