झारखंड में आज 65 कोरोना संक्रमित की पहचान हुई है। यहां 9 CRPF जवान एक साथ कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। शनिवार को कोरोना संक्रमण के सामने आए मामलों में जामाडोबा कोलियरी धनबाद में 20, सरायकेला में 11, जमशेदपुर में 10, बोकारो तथा गुमला में पांच-पांच, हजारीबाग तथा रांची में तीन-तीन, चतरा तथा साहिबगंज में दो-दो, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा और धनबाद शहर में एक-एक संक्रमित की पहचान हुई। आज के ताजा मामलों के साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2359 पर पहुंच गया है। इधर, जामाडोबा के 20 संक्रमित मिलने की धनबाद के डीसी अमित कुमार ने पुष्टि की है। टाटा की जामाडोबा कोलियरी के 20 लोगों में कोरोना संक्रमण होने के बाद खलबली मच गई है। एमजीएम जमशेदपुर में जांच होने की बात बताई जा रही है। जमशेदपुर में आज दस लोग पॉजिटिव मिले हैं। सभी स्थानीय हैं।