गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर में उत्तर प्रदेश की दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना श्रीबंशीधर नगर-गरबांध के बीच बराईटांड़ में सुनसान स्थान पर जंगल में 29 जुलाई की शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। दोनों पीड़िता उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला अन्तर्गत कोण थाना के एक गांव की रहने वाली हैं।
इस मामले में दोनों पीड़िता के बयान पर दर्जनभर युवकों के विरुद्ध पुलिस मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी में जुट गई है। साथ ही पीड़िता का सदर अस्पताल में मेडिकल कराते हुए दोनों का बयान मजिस्ट्रेट के पास दर्ज कराया गया है। जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को दोनों लड़कियां आधार कार्ड अपडेट कराने अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक से अपने घर से श्रीबंशीधर नगर आई थीं।
श्रीबंशीधर नगर से शाम 5 बजे घर लौटने के दौरान श्रीबंशीधर नगर-गरबांध मार्ग पर विशुनपुर गांव से आगे बराईटांड़ में लड़कियों ने शौच के लिए बाइक रुकवाया। इस बीच पीछा करते हुए चार बाइक पर सवार 12 युवक वहां पहुंचे। युवक दोनों लड़कियों को अपने कब्जे में लेकर पास के जंगल में चले गए तथा सभी ने बारी-बारी से दोनों के साथ दुष्कर्म किया। युवकों ने लड़कियों के रिश्तेदारों द्वारा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की।