रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मंगलवार को अरगोड़ा चौक स्थित आदिवासी लोहरा परिवारों बुल्लू देवी, पति जितेंद्र लोहरा, समुंद्री देवी, पति स्व शंकर लोहरा, काजल कुमारी, आकाश लोहरा, आकाश तिर्की, शंकर लोहरा, दिलीप लोहरा, आनंद लोहरा सहित अन्य घायल एवं पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। सोमवार को कडरू स्थित हज हाउस धरना स्थल के समीप अपराधी तत्वों के द्वारा जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें कई लोग घायल हुए है। इनके बस को भी जलाने की कोशिश की गई थी। पीड़ित परिवार गरीब आदिवासी परिवार है और बेटी के छेंका कार्यक्रम सम्पन्न कर नामकुम से अरगोड़ा लौट रहा था। खुशी की मौज मस्ती में बज रहे गाने को लेकर अपराधियों ने उनपर जानलेवा हमला किया। प्रकाश ने कहा कि आदिवासी हित की बात करने वाले मुख्यमंत्री के राज में राज्य की राजधानी में भी आदिवासी सुरक्षित नही है। इस सरकार की शुरुआत ही आदिवासियों की नृशंस हत्या से हुई है। इस सरकार में लोग अपना सामाजिक, पारिवारिक जीवन भी चैन से नहीं बिता सकते।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार का सही एफआईआर भी दर्ज नही किया गया है। पुलिस द्वारा ना तो पीड़ितों का बयान लिया गया और न हीं घायलों की घायल रिपोर्ट बनवाई गई। परिजन बस से लौट रहे थे, जबकि पुलिस ने सरकार के इशारे पर घटना की लीपापोती का कुत्सित प्रयास किया है। घटना को एक टेम्पो वाले के साथ लड़ाई दिखाया है।

पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई न करते हुए पीड़ित परिजनों को ही गिरफ्तार करने एवं प्रताड़ित करने में लगी है। प्रकाश ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन को सरकार के गलत इशारे पर चलने से बचना चाहिये, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को शिनाख्त करते हुए 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी सुनिश्चित हो अन्यथा भाजपा आंदोलन करने को मजबूर होगी। प्रकाश ने रांची महानगर अध्यक्ष मनोज मिश्रा को अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में परिजनों को सहयोग का निर्देश दिया। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, हटिया विधायक एवं प्रदेश मंत्री नवीन जायसवाल, मेयर आशा लकड़ा, जिलाध्यक्ष मनोज मिश्र शामिल हैं। मौके पर संजय जायसवाल, तारिक इमरान, अशोक बड़ाइक, सूरज साहू, देवेन्द्र स्वामी आदि उपस्थित रहे।

