Bihar:
पटना समेत दस शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट :
पटना समेत दस शहरों में शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के कारण के अधिकतम तापमान में गिरावट आयी। इसका असर पटना, गया समेत उत्तर-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में ज्यादा दिखा। पटना में सुबह के बाद और दिन में भी मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रही, वहीं गया और पूर्णिया में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि, पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। शुक्रवार को राज्य भर में सबसे ठंडा सबौर रहा, जहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया गया। गया और सासाराम के डेहरी में भी आंशिक बूंदाबांदी होती रही।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान अगले दो दिन में दो से तीन डिग्री गिर सकता है तापमान :
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दो दिन बाद प्रदेश के शहरों का न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर जायेगा। जिससे रात में ठंड बढ़ जाएगी। शुक्रवार को जिन शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आयी, उनमें पटना में 1.1 डिग्री, गया में 2.2 डिग्री, डेहरी में 1.2 डिग्री, कैमूर में 5.4 डिग्री, गोपालगंज में 3.3 डिग्री, वाल्मिकीनगर में दो डिग्री की कमी आयी। गोपालगंज, कैमूर और वाल्मिकीनगर में अधिक ठंड महसूस की गयी। शुक्रवार को तापमान में गिरावट के बावजूद ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पटना में मध्यम कोहरा, कुछ देर के लिए निकली धूप।