PATNA: मुख्यमंत्री ने जल – जीवन – हरियाली अभियान के अंतर्गत निधि जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा किये जा रहे बत्तख पालन का भी जायजा लिया और जीविका दीदियों के बीच सतत् जीविकोपार्जन योजना का किट वितरित किया।
इस दौरान जीविका दीदी ने अपनी आपबीती साझा करते हुये कहा कि पहले पति ताड़ी का व्यापार करते थे और शराब भी पीते थे। समाज में प्रतिष्ठा नहीं थी तब मैंने समूह से जुड़कर 60 हजार रुपये कर्ज लेकर पति के लिये रिक्शा खरीदी और बकरी पालन का काम शुरू किया।
समूह से जुड़ने के बाद हम जीविका दीदियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकापार्जन योजना के लाभार्थी जीविका दीदियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग अंतर्गत कंदाहा मत्स्य ग्राम के एरियल मानचित्र का अवलोकन कर अधिकारियों से चंवर क्षेत्र के संबंध में जानकारी ली।
अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंवर क्षेत्र को उपयोगी बनाने के लिये कई जगहों पर नीचे मछली ऊपर बिजली के कॉन्सेप्ट पर काम किया गया है। इसी तर्ज पर कंदाहा मत्स्य ग्राम के अंतर्गत आने वाले चंवर क्षेत्र का विकास करें, इससे लोगों की आमदनी काफी बढ़ेगी।
पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट