झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से होगा। यह सत्र छह दिनों का होगा। पहले दिन की शुरुआत दिन के 11 बजे से होगी। इस सत्र को लेकर आज विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो बैठक करेंगे। वे आज सर्वदलीय बैठक के अतिरिक्त दो अन्य बैठक भी करेंगे। पहली बैठक राज्य सरकार के आला अधिकारियों के साथ और दूसरी बैठक पत्रकार दीर्घा समिति के साथ होगी।
स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक
बैठकों के क्रम में झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में विधायक दल के नेताओं की बैठक हुई। जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, विधायक विनोद सिंह एवं विधायक लंबोदर महतो उपस्थित रहे।
पहली बार होंगे नेता प्रतिपक्ष
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पहली बार नेता प्रतिपक्ष भी होंगे। पांचवें झारखंड विधानसभा का कोई ऐसा सत्र आयोजित नहीं हुआ, जिसमें नेता प्रतिपक्ष हो। शीतकालीन सत्र में पहली बार अमर बाउरी नेता प्रतिपक्ष की कमान सदन में संभालते हुए नजर आएंगे। उनके नेतृत्व में ही भाजपा अपनी रणनीति तय करेगी।
आज सत्ता पक्ष और विपक्ष की होगी अलग-अलग बैठक शीतकालीन सत्र को लेकर आज सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अलग-अलग बैठक करेंगे। झामुमो की बैठक दिन के एक बजे से मुख्यमंत्री कार्यालय में होगी। जबकि शाम सात बजे भाजपा विधायक दल की बैठक पार्टी कार्यालय में होगी। भाजपा जहां भ्रष्टाचार, राज्य में विधि-व्यवस्था और धीरज साहू के मामले को मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की तैयारी सत्ता पक्ष कर रहा है।
हर सवाल का सामना करने केलिए सरकार तैयार : आलमगीर आलम
संसदीय कार्यमंत्री व कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि राज्य सरकार विपक्ष के हर सवाल का सामना करने के लिए तैयार है। भाजपा के पास मुद्दे ही नहीं हैं। अगर भाजपा किसी मुद्दे पर जवाब चाहती है, तो सदन में सरकार जवाब देने के लिए तैयार है। अभी कानपुर में भी 250 करोड़ रुपए पकड़े गए हैं। इसके पहले मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी मामले सामने आए हैं, लेकिन मामला उससे आगे नहीं गया। जहां तक धीरज साहू का मामला है, तो वे कांग्रेस के सांसद हैं। यह मामला उनके घराना से जुड़ा हुआ है। आयकर ने भी अभी तक उस मामले में कुछ भी नहीं कहा है।
सरकार को देना होगा जवाब, नहीं तो हंगामा : विरंची भाजपा के मुख्य सचेतक विरंची नारायण ने कहा कि विपक्ष के पास कई मुद्दे और सवाल हैं। सरकार को हर सवाल का जवाब देना होगा। सरकार जवाब नहीं देगी, तो हंगामा होगा। विपक्ष के पास दो प्रमुख मुद्दे हैं। पहला मुद्दा राज्य सरकार के परम भ्रष्टाचार का है और दूसरा मुद्दा धीरज प्रसाद साहू का है। सीएम को ईडी ने छह बार समन जारी किया, लेकिन वे अब तक ईडी के दफ्तर नहीं गए। सीएम संवैधानिक संस्था को ही धत्ता बताने में लगे हुए हैं। इन मुद्दों पर भाजपा विधायक सदन में मुखर रहेंगे।