पटना: बिहार में जेडीयू और राजद के बीच खटपट की खबरें तेज हो गई हैं। इस बीच आज गुरुवार को नीतीश कुमार कैबिनेट की बैठक थी, जो 15 मिनट में खत्म हो गई। बताया जा रहा है कि मंत्री और अफसर नाश्ता भी खत्म नहीं कर पाए थे और कैबिनेट की बैठक खत्म हो गई। जिसके बाद मंत्री भारी मन से बाहर निकले। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लिफ्ट से गए तो उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सचिवालय की सीढ़ी से नीचे उतरे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव लिफ्ट के बगल में मुख्यमंत्री नीतीश का इंतजार करते दिखे। नीतीश आए, उन्होंने हाथ जोड़कर अभिनंदन किया और बिना बोले आगे बढ़ गए।
मीडिया ब्रीफिंग को भी किया गया रद्द
सीएम नीतीश कुमार कैबिनेट की बैठक हॉल में हुई लेकिन इस बार मीटिंग के बाद होने वाली मीडिया ब्रीफिंग को भी रद्द कर दिया गया है। हालांकि ब्रीफिंग रद्द करने की वजह नहीं बताई गई है। सरकार की ओर से जारी किए गए पत्र में लिखा है कि अपरिहार्य कारणों से मीडिया ब्रीफिंग रद्द को रद्द किया जाता है. इसके बाद सियासी गलियारों में महागठबंधन सरकार को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कैबिनेट सूत्रों के हवाले से पता चला है कि विधान मंडल से जुड़े एजेंडों के कारण मीडिया ब्रीफिंग रद्द कर दी गयी। प्रदेश की राजनीती के इतिहास में संभवतः ये सबसे कम समय की कैबिनेट मीटिंग है।