Patna:
संशोधित —-
पटना। बिहार की पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सरकारी कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच पर उद्घोषिका के किए गए व्यवहार की घटना की निंदा की है। कहा कि इस घटना से बिहार की महिलाएं अपमानित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महागठबंधन के साथ जाने से नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि सीएम का उद्घोषिका के साथ व्यवहार महिलाओं को आहत करने वाला है। नीतीश कुमार द्वारा किए जा रहे ऐसे व्यवहार से महिलाओं को लज्जित होना पड़ रहा है। विधानमंडल के दोनों सदनों में प्रजनन दर के संबंध में महिलाओं पर दिए गए बयान की चर्चा आज गांवों तक में होती है। उन्होंने यह भी कहा कि इसकी शुरुआत नीतीश कुमार ने एनडीए की सरकार में भाजपा की एक महिला विधायक के साथ की थी।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में महिलाओं पर की गई टिप्पणी के लिए सार्वजनिक तौर पर सीएम को माफी मांगनी पड़ी थी। इसके बाद भी उनका महिलाओं के प्रति व्यवहार नहीं बदला। उन्होंने नीतीश कुमार को नसीहत देते हुए कहा कि आप एक संवैधानिक पद पर बैठे हैं और आपके द्वारा महिलाओं को इस तरह बार बार अपमानित करना शोभा नहीं देता है।
इस मौके पर विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि एक बिहारी और महिला होने के नाते सीएम के इस तरह के व्यवहार से सिर शर्म से झुक जाता है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को मर्यादा समझनी चाहिए। ऐसे व्यवहार के लिए सीएम एकबार फिर से माफी मांगें।