Jharkhand:- भारतीय जनता पार्टी की संकल्प यात्रा का आज समापन हरमू मैदान में होना है। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद होंगे। कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गयी है। संकल्प यात्रा के समापन समारोह को लेकर हरमू मैदान में दोपहर 3:00 बजे से सभा का आयोजन होगा।
संकल्प यात्रा के समापन के मौके पर शुरूआत होगी ‘मिशन-2024’ की। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से तैयार रहने का संदेश आज इस मंच से दिया जायेगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेन्द्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा सहित प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक और राजधानी के सभी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
संगठन की मजबूती पर विशेष जोर
बाबूलाल मरांडी ने संकल्प यात्रा के दौरान हेमंत सरकार के कामकाज और भ्रष्टाचार पर जमकर निशाना साधा। कई मंच पर उन्होंने हेमंत सरकार के कुशासन, लूट, झूठ और भ्रष्टाचार का जिक्र किया। 17 अगस्त से संकल्प यात्रा प्रारंभ हुई थी। आज इसका समापन हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कमेटी में कई अहम जिम्मेदारियां को तय कर दिया गया है। पार्टी यहां अपने आफ को मजबूत करने के लिए संगठन की मजबूती पर विशेष ध्यान दे रही है। संकल्प यात्रा के बाद अब कार्यकर्ताओं को एकजुट करके मजबूती से जनता के बीच जाने की कोशिश होगी।
आज कई विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता
अमर शहीद सिदो-कान्हू को नमन कर शहीदों की पवित्र धरती संथाल परगना से संकल्प यात्रा का आगाज हुआ था। आज छह विधानसभा क्षेत्रों को इस यात्रा में शामिल किया जा रहा है जिसमें रांची, हटिया, कांके, मांडर, खिजरी, तमाड़ विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे।