RANCHI: झारखंड में एक बार फिर बर्ड फ्लू ने दस्तक दी है। 9 महीने की बच्ची में यह संक्रमण पाया गया है।रिम्स निदेशक डॉ राजीव कुमार गुप्ता ने जानकारी दी है कि रामगढ़ के संदवाडीह की रहने वाली नौ महीने की बच्ची इस संक्रमण से ग्रसित पाई गयी है। इस बच्ची में एवियन फ्लू (एच3 एन2) पाया गया है।
बच्ची का सैंपल पुणे भेजा गया वहां से भी हुई पुष्टि
माइक्रोबायोलॉजी विभाग की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को बच्ची का सैंपल लिया गया था। इसकी जांच के बाद इसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गयी थी। यह वायरस इन्फ्लूएंजा ए का सब टाइप वायरस है। देश के कई हिस्सों में इससे संक्रमित मरीज मिले हैं। इसी साल मार्च के महीने में इस वायरस ने कई लोगों की जान ली थी। इसके संक्रमण के मामले बढ़ने लगे थे। अब रिम्स ने सैंपल को एनआईवी, पुणे लैब में सिक्वेंसिंग के लिए भेजा ।वहां से भी इसकी पुष्टि कर दी गयी है। बच्ची की स्थिति गंभीर है। उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
कृषि विभाग ने कहा हमें पक्षियों में बर्ड फ्लू की सूचना नहीं
संक्रमण का यह मामला चिंता का कारण है लेकिन राहत की बात यह है कि अब तक सिर्फ एक ही मरीज सामने आया है। बच्ची का इलाज चल रहा है। राज्य में इसका कोई दूसरा मामला सामने नहीं आया है हालांकि स्वास्थ्य विभाग इसे लेकर सतर्क है। दूसरी तरफ कृषि विभाग भी साफ कह रहा है कि अबतक राज्य में पक्षियों में बर्ड फ्लू की सूचना हमें नहीं मिली है।
इससे पहले भी दस्तक देता रहा है बर्ड फ्लू
यह पहली बार नहीं है जब एवियन इन्फ्लुएंजा या बर्ड फ्लू ने झारखंड में दस्तक दी है। इससे पहले भी इसके कई मामले सामने आये हैं। कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए इसकी जांच की और कई पोल्ट्री फॉर्म में संक्रमित मुर्गे औऱ मुर्गियों को नष्ट किया है।
रांची से तन्य खंडेलवाल की रिपोर्ट