RANCHI: फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल ने शनिवार को चेक बाउंस के एक मामले में रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया। उन्होंने सिविल जज सीनियर डिविजन डीएन शुक्ला की कोर्ट में सरेंडर किया। हालांकि कोर्ट ने 10 हजार के दो बेल बॉन्ड पर उन्हें जमानत दे दी। दरअसल अमीषा पटेल के खिलाफ रांची सिविल कोर्ट से वारंट जारी किया गया था। यह वारंट झारखंड के फिल्म निर्माता अजय कुमार सिंह की ओर अमीषा पटेल और उनके बिजनेस पार्टनर कुणाल ग्रूमर के खिलाफ चेक बाउंस, धोखाधड़ी और धमकी मामले में जारी किया गया था। लेकिन जारी समन पर फिल्म अभिनेत्री कोर्ट नहीं पहुंची। तो कोर्ट ने वारंट जारी किया था।
बता दें कि अरगोड़ा निवासी अजय कुमार सिंह ने 17 नवंबर 2018 को सीजेएम कोर्ट में मामला दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया गया कि म्यूजिक मेकिंग के नाम पर अमीषा पटेल ने अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ रुपये लिए। लेकिन राशि लेने के बाद फिल्म अभिनेत्री ने म्यूजिक मेकिंग की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। साथ ही अमीषा पटेल पर फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह से ढाई करोड रुपये ऐंठने का भी आरोप है। दोनों पक्षों के बीच हुए एकरारनामा के अनुसार जब फिल्म जून 2018 में रिलीज नहीं हुई। तो अजय ने पैसे वापस करने की मांग की। टालमटोल के बाद अक्तूबर 2018 में ढाई करोड़ और 50 लाख रुपए के दो चेक दिए। जो बाउंस हो गए। इसके बाद अजय सिंह ने मुकदमा किया था।
रांची से गौरी रानी की रिपोर्ट