PATNA: बिहार में पूर्णिया जिले के रास्ते मानसून ने दस्तक दे दी है। सोमवार को झमाझम बारिश के साथ पूर्णिया जिले के लोगों को झुलसाती गर्मी से बड़ी राहत मिली। लेकिन प्रदेश में प्रवेश के साथ मानसून स्थिर हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक मानसून के आगे बढ़ने को लेकर स्थिति अनुकूल नहीं है। बता दें कि यह पूर्णिया व फारबिसगंज में अटक गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून को आगे बढ़ने में कारक हवा बंगाल की खाड़ी से आती है, जो अभी बंद है। उसका प्रवाह शुरू होते ही मानसून के कदम आगे बढ़ेंगे। हालांकि राज्य के उत्तरी भाग के कई जिलों में प्री-मानसून की बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी सहित राज्य के दक्षिण भाग के जिलों में उष्ण लहर यानी लू चलने की संभावना है
मौसम विभाग के अनुसार मानसून को उत्तर बिहार को पूरा कवर करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। कई जिलों में अभी हो रही बारिश प्री मानसून है। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बगहा बेतिया, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा आदि जिलों में कई जगहों पर आंधी चली और फुहारें पड़ीं।
मौसम विभाग के मुताबिक प्री मॉनसून की बारिश गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, हो सकती है। वहीं राजधानी पटना, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा और शेखपुरा में लू चलने की संभावना बनी रहेगी ।