PATNA : भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने पटना में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 22 फरवरी 2023 को सुबह 11 बजे पटना के बापू सभागार में स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती समारोह सह किसान मजदूर समागम का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती आधुनिक भारत के सबसे बड़े किसान नेता एवं महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उनका जीवन अनुकरणीय है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज हित में लगाया। एक तपस्वी के भांति उन्होंने अपना जीवन-यापन किया। यह सौभाग्य की बात है कि उनकी कर्मस्थली बिहार रही। वे एक युगदृष्टा थे। हमेशा समाज के सभी वर्गों के उत्थान की बात करते थे। 1927 में उन्होंने किसान सभा की स्थापना की और उसका केंद्र पटना के बिहटा को बनाया, वहीं से उन्होंने किसान आंदोलन को संचालित किया। बिहटा स्थित उनके आश्रम में सुभाष चन्द्र बोस भी इनसे मदद मांगने आए थे।
विवेक ठाकुर ने कहा यह बहुत दुखद है कि किसान आंदोलन के जनक तथा भारत की आजादी में अहम योगदान होने के बावजूद युग पुरुष को गुमनामी के अंधेरे में धकेल दिया गया। बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी स्वामीजों को आधुनिक इतिहास में उचित स्थान नहीं दिया गया, जबकि धर्म, समाज सुधार और राजनीति को लेकर आधुनिक भारत के निर्माण में अभूतपूर्व योगदान है। धर्म और समाज सुधार के क्षेत्र में उनका योगदान वैसा ही है, जो दयानन्द और विवेकानन्द का है।
विवेक ठाकुर ने कहा वही बिहार के मुख्यमंत्री अपने नए यात्रा का नाम समाधान यात्रा रखे हैं। वे बक्सर गए और आनन फानन में घूमकर निकल गए। चौसा के बेबस किसान बैठे रह गए, यही है समाधान यात्रा और यही है समाज में किसान की पहचान। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा की स्वामी सहजानंद सरस्वती के अनुयायी जाग रहे हैं और किसान रूपी अगवान अपना असली रूप ऐसे गैर संवेदनशील नेताओं और सरकार को जल्द दिखाएगी। बिहार क्रांति स्थली है और फर्जी किसान नेता जैसे टिकैत की कोई आवश्यकता नहीं है।
पटना से विशाल भारद्वाज की रिपोर्ट