RANCHI : राज्य में बढ़ती ठंड के बीच एक बार फिर सियासी पारा भी चढ़ने लगा है। अगले कुछ दिन झारखंड की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने 17 नवंबर को अपने रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बुलाया है। इस सिलसिले में मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर विधायकों की अचानक बैठक बुलायी गयी।
मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री आवास पर झामुमो विधायकों की बैठक के दौरान वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संख्या बल को प्रदेश मुख्यालय यानी राजधानी में ही मौजूद रहने का निर्देश दिया है। झामुमो विधायकों की बैठक सीएम आवास पर होगी। दूसरी ओर शाम के वक्त कांग्रेस विधायकों को संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम के यहां बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। बैठकों में कुछ अहम फैसले भी लिए जाने की चर्चा है।
सभी जेएमएम विधायकों को रांची आने का निर्देश
सूत्रों से मिली जानकारी स्थापना दिवस समारोह से वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवास पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के दस से अधिक विधायक पहुंचे। बैठक के बाद शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि भाजपा की मंशा कामयाब नहीं होगी। सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। बैठक के संदर्भ में कहा कि यह चलता रहता है। आगे भी चलता रहेगा। मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार शाम यूपीए महागठबंधन के सारे विधायक जुटेंगे। इस दौरान हालात के मुताबिक आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसे सीएम हेमंत सोरेन की ईडी के समक्ष उपस्थित होने के पहले की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
झामुमो कार्यकर्ताओं का भी रांची में जुटान शुरू
विभिन्न जिलों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का रांची में जुटान शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि बुधवार को बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। इस दौरान काफी लोग झामुमो की सदस्यता भी ग्रहण करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ईडी कार्यालय जाने के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके साथ बना रह सकता है।
झामुमो की ओर से जानकारी दी गई है कि 1932 खतियान के आधार पर स्थानीयता संबंधित विधेयक पारित कराने और एसी, एसटी व ओबीसी का आरक्षण बढ़ाने संबंधित विधेयक विधानसभा से पारित कराने पर सीएम को बधाई देने जिलों से लोग बिना बुलाए पहुंच रहे हैं। यह सिलसिला अभी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
रांची से गौरी रानी की रिपोर्ट