PATNA: राजधानी पटना में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। नया मामला शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र का है। शातिरों ने दरभंगा जिला बल के सिपाही निरंजन कुमार के घर से आठ लाख के गहने और 20 हजार कैश की चोरी कर ली। निरंजन मूलरूप से नालंदा के रहने वाल हैं।
फिलहाल वह विधान पार्षद सुनली चौधरी के बॉडीगार्ड के रूप में प्रति नियुक्त हैं। निरंजन पिलर नंबर 80 के पास, शेखपुरा मोड़ के दुर्गा आश्रम गली में किराए के मकान में रहते हैं। उनके लिखित बयान पर शास्त्रीनगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। निरंजन ने बताया कि किराए के घर में वे उनकी पत्नी और दो बच्चे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि हमलोग किसी आवश्यक काम से गांधी मैदान चले गए थे। रात में 10.15 बजे पड़ोसी का फोन आया और बताया कि मेरे घर का दरवाजा खुला हुआ है। हमने उसे अंदर जाने को कहा तब पता चला कि शातिरों ने ताला तोड़कर घर में चोरी कर ली है। शातिरों ने आलमीरा में रखे कैश और ज्वेलरी पर हाथ साफ किया।
पूरा घर ही तितर-वितर कर दिया। निरंजन ने कहा कि जब हमलोग भागकर कमरे पर पहुंचे तो स्थिति देखकर दंग रह गए। मेरी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस को आशंका है कि घर आने जाने वाला व्यक्ति ही इस चोरी की घटना में लाइनकर है। पुलिस दो युवकों को हिरासत में भी ली है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पटना से क्राईम रिपोर्ट अन्नू प्रकाश की रिपोर्ट
