RANCHI : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो शिबू सोरेन से रांची स्थित उनके घर पर औपचारिक मुलाकात कर राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन करने का अनुरोध किया। झामुमो सुप्रीमो संग मुलाकात के दौरान द्रौपदी मुर्मू के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, अर्जुन मुंडा और अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद थीं। इस मुलाकात के समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उपस्थित रहे।
झामुमो ने औपचारिक रूप से अभी तक 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में किसी उम्मीदवार को समर्थन देने के बारे में अपने रुख की घोषणा नहीं की है। द्रौपदी मुर्मू और सोरेन दोनों आदिवासी नेता हैं तथा वे संथाल जातीय समूह से ताल्लुक रखते हैं, जिसकी झारखंड के साथ-साथ ओडिशा में भी बड़ी आबादी है.
राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू सोमवार को रांची दौरे पर आई थीं। इस दौरान उन्होंने तमाम राजनीतिक दलों से राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने समर्थन में वोट किए जाने की अपील की। दोपहर को उन्होंने बीएनआर चाणक्य में भाजपा और आजसू विधायकों और सांसदों के साथ बैठक भी की थी।
रांची से गौरी रानी की रिपोर्ट