राकेश शर्मा, बोकारो
बोकारो: झारखंड की राजधानी रांची के बाद सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस बोकारो में सामने आये थे। बोकारो झारखंड का हॉटस्पॉट जिला बन गया था। कोरोना से खौफ के बीच एक राहत भरी खबर आई है कि अब बोकारो में एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं है। साथ ही बोकारो जिला कोरोना मुक्त भी हो गया है। बोकारो जनरल अस्पताल में इलाजरत तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज कोरोना की जंग जीतकर अपने घर को विदा हो गए।
उन्हें जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और बीजीएच के अधिकारियों, डॉक्टर और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विदाई दी। बोकारो जेनरल अस्पताल के कोविड 19 आईसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन मरीजों को छुट्टी दे दी गई। अब यह बिल्कुल स्वस्थ हैं। उपायुक्त मुकेश कुमार ने स्वस्थ मरीजों को पुष्पगुच्छ और अंग वस्त्र दे कर स्वागत किया। उन्होंने हिदायत दी कि अभी भी उन्हें 14 दिन अपने घर में ही सोशल डिस्टेंस बनाकर रहना है। काफी एहतियात बरतने की आवश्यकता है। डॉक्टर के परामर्श का पालन करने की जरूरत है।