रांची : झारखंड सरकार के खाते से डीवीसी द्वारा पैसा काटने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका. कांग्रेस नेताओं ने जीएसटी के बकाया का अविलंब भुगतान और केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों पर बकाया लाखों करोड़ों रुपए उपलब्ध कराने के साथ ही गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ किए जा रहे भेदभावपूर्ण नीति को समाप्त करने की मांग की है.
कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता छोटू, प्रदेश ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष अभिलाष साहू, खेल विभाग प्रदेश कांग्रेस चेयरमैन अमरेंद्र सिंह और परवेज आलम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में रांची विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से जुलूस निकाल कर शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंच कर पुतला दहन किया गया.
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में तख्तियां लिए थे. इसमें डीवीसी का बकाया खाते से काटना बंद करो, केंद्र सरकार झारखंड का हक मारी बंद करो, केंद्र सरकार डकैती बंद करो, संघीय ढांचा पर हमला बंद करो, राज्य का जीएसटी का बकाया देना होगा, के नारे लगा रहे थे. करीब आधे घंटे तक नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद जुलूस सभा में तब्दील हो गई.
वहीं आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कोरोना काल में जब राजस्व संग्रहण कम हो गया, उस संकट के दौर में केंद्र सरकार द्वारा पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में गलत तरीके से हुए त्रिपक्षीय समझौते का हवाला देते हुए जबरन तरीके से झारखंड सरकार के खाते से डीवीसी बकाया भुगतान के नाम पर हजारों करोड़ रुपए काट लिये गये. केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ राज्य की जनता सड़क पर उतरने को मजबूर है. पुतला दहन कार्यक्रम में फिरोज रिजवी मुन्ना, अर्चना मिर्धा, सोनी नायक, विनीता पाठक, अशफाक आलम, अंजना खलखो, ललिता तिर्की, रौशनी देवी, शालमुणि तिर्की, सुनीता देवी और रंजीत महतो सहित कई सदस्य मौजूद थे.
गौरी रानी की रिपोर्ट