द एचडी न्यूज डेस्क : राजनीतिक गलियारे से एक बड़ी खबर आ रही है. राजधानी पटना में आज हम पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई. जिसकी अध्यक्षता हम प्रमुख व पूर्व सीएम जीतन राम मांझी कर रहे थे. इसमें पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद थे. इसी कार्यकारिणी की बैठक में जीतन राम मांझी ने बड़ी बात कह दी है. उन्होंने कहा कि हमें एक मंत्री और एमएलसी का पद चाहिए. बता दें कि हम पार्टी अभी एनडीए गठबंधन में शामिल है. उनके बेटे संतोष सुमन अपने पार्टी की तरफ से बिहार सरकार में पशुपालन मंत्री भी है.
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीनत राम मांझी ने कहा है कि वे नीतीश कुमार पर एक एमएलसी सीट और एक मंत्री पद के लिए दबाव डालेंगे. साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि हमारी पार्टी जदयू के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उतरेगी. मांझी ने यह बातें पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कही है.
कार्यकारिणी की बैठक में मांझी ने पार्टी के विस्तार की योजनाओं पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि हम पश्चिम बंगाल, दिल्ली और झारखंड में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संगठन को मजबूत करेंगे. बता दें कि कुछ महीनों बाद ही पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसके साथ ही जीतन राम मांझी ने ऐलान किया है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में हम पार्टी जदयू के साथ उतरेगी. बंगाल में 75 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान जदयू पहले ही कर चुकी है. हम के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में निजी क्षेत्रों में आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर भी प्रस्ताव पारित हुआ है.
दूसरी तरफ यह चर्चा है कि इस बैठक में जीतन राम मांझी हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को अपने बेटे के लिए छोड़ सकते हैं. पार्टी सूत्रों का कहना है कि जीतन राम मांझी के बेटे और बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन हम के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे. संतोष सुमन हम के कोटे से नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल अकेले मंत्री हैं. वह बिहार विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जीतन राम मांझी अपने स्वास्थ्य की स्थिति और पार्टी को विस्तार देने की योजना के तहत यह कदम उठाने वाले हैं. मांझी हाल ही में कोरोना को मात देकर लौटे हैं. बेटे को पार्टी की कमान सौंपने के बाद मांझी पार्टी के संरक्षक की भूमिका में रह सकते हैं.
