रांची : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कोरोना संक्रमणकाल और किसान आंदोलन के कारण सादगी से मनाया. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव विधायक दल नेता आलमगीर आलम झारखंड सरकार में मंत्री बादल पत्रलेख व बन्ना गुप्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉक्टर राजेश गुप्ता छोटू, निरंजन पासवान एवं निशा भगत ने सोनिया गांधी के जन्मदिवस पर ईश्वर से उनके लंबे, दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की है.

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को त्याग की मूर्ति बताते हुए कहा कि एक समय में उन्होंने प्रधानमंत्री का पद ठुकराकर साहस और त्याग की मिसाल पेश की. उनके नेतृत्व में यूपीए सरकार के कार्यकाल में देश के गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों के लिए कई लाभकारी योजनाएं लागू की गयी. मनरेगा के तहत काम का अधिकार मिला, सूचना का अधिकार कानून लागू किया और भोजन का अधिकार दिलाने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून लागू किया जाएगा, शिक्षा का अधिकार कानून लाकर समाज के गरीब एवं मेधावी छात्रों को भविष्य संवारने का अवसर प्रदान किया.
कांग्रेस विधायक दल के नेता और ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सोनिया गांधी पार्टी देश को सशक्त बनाने के लिए सतत संघर्ष करती है. उन्होंने किसानों, गरीबों को लाभ दिलाने के लिए जो प्रयास किए, उन अधिकारों को आज मोदी सरकार में छिनने का प्रयास किया जा रहा है. कृषि मंत्री बादल ने सोनिया गांधी को महिला शक्ति की मिसाल बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दी.उन्होंने सोनिया गांधी को सरल, मृदुभाषी और सशक्त महिला बताते हुए उनके कार्यां से प्ररेणा लेकर संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया.

स्वास्थ्य मंत्री बादल पत्रलेख ने सोनिया गांधी के जन्मदिन पर बधाई संदेश में कहा कि त्याग, समर्पण और सेवा भाव के रूप में उनका व्यक्तित्व सभी को प्रेरणा देती हैं. देश के लिए किया गया उनका बलिदान उल्लेखनीय है. उनके कुशल नेतृत्व और ममतामयी सानिध्य में झारखंड सरकार देश और राज्यहित में विकास की गाथा लिख रही है, उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने सोनिया गांधी को समर्पण, त्याग और असीम साहस की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी एक बार फिर जल्द ही केंद्र में सत्ता में वापस लौटेगी. उन्होंने कहा कि करीब 20 वर्षां तक पार्टी की बागडोर संभालने वाली सोनिया गांधी के प्रयास और रणनीति से ही झारखंड में में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनी है और जिस तरह से कोरोना काल में भी वह लगातार वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से गरीब और जरुरतमंद लोगों तक पार्टी कार्यकर्त्ताओं की मदद से मदद पहुंचाने के लिए प्रयासरत रही, यह उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि भारतीय राजनीति में 18मई 2004 का वह दिन नहीं भूला जाएगा. जब उन्होंने आम चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बनकर उभरी और सभी ने एक स्वर में उनसे प्रधानमंत्री का पद ग्रहण करने की अपील की, लेकिन तमाम आग्रह को ठुकराते हुए उन्होंने मनमोहन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया और पार्टी को उनका सम्मर्थन करने का आग्रह किया. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी और दीर्घायु होने की कामना की.

इसके पूर्व झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डॉ राजेश गुप्ता छोटू,फिरोज रिजवी मुन्ना और जितेन्द्र त्रिवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने आज निवारनपुर स्थित निर्मला कुष्ठ कॉलोनी में कुष्ठ रोगियों के साथ सोनिया गांधी का जन्म दिवस मनाया. कांग्रेस नेताओं ने गरीबों के बीच खाने-पीने की सामग्री पेस्ट्री, क्रीम रोल, ब्रेड और मिठाई आदि वितरित की एवं उनके साथ मिलकर सोनिया गांधी के बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिऐ प्रार्थना भी किया. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन गरीबों एवं निसहायों के लिए समर्पित रहा है ऐसे में गरीबों के साथ और गरीबों के बीच सेवा भावना ही सोनिया गांधी के जन्मदिवस का सबसे बड़ा उपहार होगा.
गौरी रानी की रिपोर्ट