ये बेटियां झारखण्ड का गौरव हैं, इसका गुमान है हमें। हमारी बेटियों ने संक्रमण के दौर में जबरदस्त साहस और धैर्य दिखाया है। अब यह राज्य सरकार की जिम्मेवारी है कि उनके सपनों को साकार करने के लिए उन्हें जरूरी सुविधाएं तथा मार्गदर्शन दिया जाए। आपका प्रशिक्षण मेरी नजरों के सामने हो रहा है। आपको हर वो संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। ताकि आप वर्ल्ड कप के दौरान देश का प्रतिनिधित्व कर झारखण्ड का मान बढ़ा सकें। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मोरहाबादी में अंडर-17 फीफा वर्ल्ड कप 2021 के लिए चयनित राज्य की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों से मिलने के बाद कही।
खेल नीति का लाभ जल्द मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा झारखण्ड में होनहार खिलाड़ियों की कमी नहीं है। राज्य के खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों में देश व राज्य का नाम रोशन किया है। खेल को वर्तमान सरकार बढ़ावा देगी। खेल नीति भी तैयार की जा रही है, जिससे वर्तमान खिलाड़ी, आने-वाले खिलाड़ी और पूर्व खिलाड़ी लाभान्वित होंगे।