नेपाल के तराई और बिहार में विभिन्न जिलों में लगातार हो रही बारिश की वजह से राज्य में बाढ़ का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। उत्तर और पूर्वी बिहार के गंडक और कोसी प्रभावित क्षेत्रों के निचले इलाके में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। प्रदेश के आठ जिलों के 38 प्रखंडों की 217 पंचायतों की चार लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हो चुकी है।
सोमवार तक 32 प्रखंडों की 156 पंचायत बाढ़ से प्रभावित थी। लगातार हो रही भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण ऐसा हुआ है। बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए बचाव और राहत कार्य आपदा प्रबंधन विभाग और जिलों के द्वारा किया जा रहा है। विभाग के अपर सचिव रामचंद्रुडु ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के लिए 46 सामुदायिक किचेन चलाए जा रहे हैं, जहां पर अभी 36948 लोग प्रतिदिन भोजन कर रहे हैं। साथ ही पांच राहत शिविर भी चलाए जा रहे हैं।