झारखंड में आज मंगलवार को कोरोना से एक और व्यक्ति की जान चली गई। मृतक धनबाद का रहने वाला है। वह रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती था। वह ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि बीमारियों से जूझ रहा था। अब तक झारखंड में कोरोना से 21 लोगों की मौत हो गई है। आए दिन राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना से मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है।
झारखंड में कोरोना का कहर लगातार जारी है। एक तरफ संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों का भी आंकड़ा बढ़ रहा है। मंगलवार को रांची के रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती एक कोरोना मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। जानकारी के अनुसार रिम्स के कोविड वार्ड में एक 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक धनबाद के शास्त्री नगर का रहने वाला है। वह ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर आदि बीमारियों से पीड़ित था। उसे रिम्स में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। ट्रूनेट से उसके सैंपल की जांच में दो बार पॉजिटिव आने के बाद उसे रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। सैंपल दोबारा जांच के लिए आरटीपीसीआर में भेजा गया है। शव को फिलहाल शव गृह में रखा गया है। बता दें कि मृतक की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उसे रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया।
उधर हज़ारीबाग़ में जामा मस्जिद रोड में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन हरकत में दिखा। जिला प्रशासन के द्वारा जामा- मस्जिद रोड, कांग्रेस ऑफिस रोड, गुरु गोविंद सिंह रोड, मेन रोड में सभी दुकानों को बंद कराया गया। प्रशासन ने अगले आदेश तक इलाके में लोगों के घरों से बाहर निकलने पर रोक लगा दिया है। इसके अलावा जिले को दो थानों को भी खाली कराया गया है। कोर्रा थाना और सदर थाना को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है। यहां सौ से अधिक पुलिसकर्मियों को क्वारेंटाइन कर दिया गया है।
झारखंड में पिछले 24 घंटे में 62 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं. इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2878 हो गयी है.