झारखंड राज्यसभा चुनाव में मिली भारी जीत पर भाजपा के उम्मीदवार से सांसद बने दीपक प्रकाश ने अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह को दिया।
झारखंड में राज्यसभा चुनाव परिणाम के बाद दीपक प्रकाश को बधाई एवम शुभकामनाएं देते हुए भाजपा के प्रदेश भ्रभारी ओम माथुर ने कहा कि इस चुनाव परिणाम के बाद हेमंत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। लोकतंत्र में राजनीतिक मर्यादाएं भी होती हैं परंतु कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन और सरकार में शामिल रहते हुए भी इसका ख्याल नही रखा। पर्याप्त संख्या बल के बावजूद कांग्रेस ने गुरुजी को अपनी जीत में चुनाव के लिए मजबूर किया। यह उनका राजनीतिक अपमान है जिसे शायद ही हेमंत सोरेन कभी बर्दाश्त करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन की गांठें कमजोर हुई है और गठबंधन में धोखा देना यह कांग्रेस की परंपरा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह ने दीपक प्रकाश को उनकी जीत पर बधाई देते हुए कहा कि सर्वाधिक मतों से जीतकर प्रकाश ने इतिहास रचा है। आंकड़ों के गणित में महागठबंधन जीत कर भी हारा है और एनडीए गठबंधन मजबूत हुआ है। अरुण ने इस जीत के लिए सुदेश महतो का भी आभार व्यक्त किया है।
वहीं भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी दीपक प्रकाश की जीत पर बधाई एवं शुभकामनाए देते हुए कहा कि यह जीत लोकतंत्र की जीत है। कांग्रेस पार्टी के इशारे पर राज्य सभा चुनाव में हेमंत सरकार ने सत्ता का पूरा दुरुपयोग किया। विधायकों को डराया धमकाया गया और योग केंद्र में भी एनडीए विधायकों को परेशान करने की कोशिश की गई परंतु सत्तापक्ष ने जितना परेशान किया एनडीए गठबंधन उतना मजबूत होता गया।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दीपक प्रकाश को बधाई देते हुए कहा कि दीपक प्रकाश परिश्रमी और अनुभवी व्यक्तित्व के धनी है। इनके माध्यम से झारखंड की आवाज उच्च सदन में गूंजेगी जिसका बड़ा लाभ प्रदेश को मिलेगा।