दिल्ली में तबलीगी जमात में शामिल 24 लोगों में कोरोना की पुष्टि के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बिहार में इसमें शामिल लोगों की पहचान शुरू हो गई है। पटना में 17 और बक्सर में 11 मौलवियों का सैंपल लिया गया।
हाल ही में पटना जिला प्रशासन ने पटना के फुलवारी संगी मस्जिद में किर्गिस्तान से आए 7 मौलवी और समनपुरा के एक घर में 8 मौलवी और उनके दो गाइड को कोरेंटाइन किया था। तब इनकी प्रारंभिक जांच हुई थी। अब तब्लीगी जमात में शामिल लोगों में कोरोना पुष्टि के बाद मंगलवार को इनका सैंपल लिया गया। सिविल सर्जन द्वारा गठित टीम ने यह सैंपल लिया। फुलवारी में ठहरे लोग आठ मार्च को पटना आए थे।

वहीं, बक्सर में तब्लीगी जमात से आए 11 विदेशी मौलवियों की कोरोना की जांच जिला प्रशासन करा रहा है। डीएम अमन समीर ने बताया कि बक्सर जिले में कुल 11 विदेशी आए हैं, जो डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर की एक मस्जिद में रह रहे हैं। इनमें इंडोनेशिया के सात और मलेशिया के चार लोग शामिल हैं। इनके साथ मुंबई के दो द्विभाषिए भी हैं। इन्हें डुमरांव में कोरेंटाइन कर दिया गया है।

पटना में कई जगह घूमे थे विदेशी
फुलवारी के संगी मस्जिद में किर्गिस्तान निवासी आठ मुस्लिम धर्मगुरु तब्लीगी जमात में शामिल होकर आठ मार्च को पटना आए थे। उसके बाद नूरी मस्जिद पटना सिटी में रुके थे। वहां से 21 मार्च को फुलवारी के हारून कॉलोनी में आए थे। 23 मार्च को अलबा कॉलोनी में गए। यहीं से पुलिस ने इन्हें पकड़ा था। उसके बाद प्रारंभिक मेडिकल जांच हुई थी। तब से चौदह दिन के लिए इन्हें फुलवारी के संगी मस्जिद में कोरेंटाइन किया गया था। मंगलवार को इनका सैंपल लिया गया है।

अंशु झा की रिपोर्ट