नेपाल सरकार की ओर से जारी नए नक्शे के बाद केवल कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा की चर्चाएं हो रहीं हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच और भी कई जगह सीमा विवाद खड़ा हो सकता है। हम बात कर रहे हैं बिहार के सीतामढ़ी के नेपाल सीमावर्ती इलाकों की। यहां के पांच प्रखंड बैरगनिया, सोनबरसा, परिहार, मेजरगंज और भिट्ठा मोड़ नेपाल सीमा से लगे हैं। यहां न कोई हदबंदी (तार-बाड़) है और न ही कोई दीवार। केवल पिलर के आधार पर सीमांकन है, लेकिन दोनों देशों की सीमा के बीच स्थित नो मैंस लैंड पर लोग कब्जा करते जा रहे हैं। सीमा पर लगे कई पिलर भी गायब हो चुके हैं। इस स्थिति में आशंका है कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच यहां भी विवाद हो सकता है। नो मैंस लैंड में अतिक्रमण और पिलर गायब होने की जानकारी दोनों देशों के जिम्मेदार अधिकारियों को है। उनका कहना है कि जिला प्रशासन व गृह मंत्रालय को स्थिति से अवगत कराया जा चुका है, मगर, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
