बिहार व बंगाल में बड़े पैमाने पर बसों से झारखंड आने के लिए टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है जिस पर झारखंड सरकार ने आपत्ति दर्ज कराई है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि झारखंड में बसों के संचालन की अनुमति नहीं मिलेगी। झारखंड में अंतरराज्यीय परिवहन की अनुमति अभी नहीं दी गई है। यहां तक कि प्राइवेट वाहनों को भी झारखंड आने के लिए ई-पास आवश्यक होगा। दूसरी ओर, पहले से ही झारखंड के वाहनों को एक जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए भी ई-पास की आवश्यकता होगी।
बिहार में इंटर स्टेट बसों के परिचालन की अनुमति के साथ ही झारखंड आने के लिए सैकड़ों की संख्या में बसों की बुकिंग शुरू हो गई। बंगाल और बिहार से बसें पहुंच भी गईं। बुधवार को रांची में ऐसी पांच बसों को जब्त भी किया गया है। परिवहन सचिव के. रवि कुमार ने बिहार सरकार के परिवहन सचिव को पत्र लिखकर बताया कि झारखंड में बिहार की बसें नहीं चल पाएंगी। उन्हें बता दिया गया है कि बसों को झारखंड नहीं आने दिया जाएगा। अगर किसी बस को झारखंड आना है तो उसे पास बनवाना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।