रांची:- बेरमो विधायक झारखण्ड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह का निधन रविवार को दिल्ली में इलाज के दौरान हो गया। फेफड़े में फंगल इन्फेक्शन की शिकायत के बाद उन्हें रांची के बरियातु स्थित रामप्यारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसके बाद उन्हें बेहतर ईलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिये दिल्ली ले जाया गया, जहां पिछले बीस दिनों से फोर्टिस अस्पताल, दिल्ली में ईलाज चल रहा था और आज दोपहर दुनिया से चल बसे। वे अपने पीछे आठ पुत्री, दो पुत्र, नाती, पोता व भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं।
उनके निधन पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के नेता व सांसद श्री राहुल गांधी ने कहा है कि झारखण्ड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी शोक संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी राजेंद्र सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के द्वारा सोमवार को 11.45 बजे कांग्रेस भवन में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी जाएगी एवं पार्टी का झंडा झुकाया जाएगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के झारखण्ड प्रभारी व भारत सरकार के पूर्व मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि राजेन्द्र प्रसाद सिंह के आकस्मिक खबर से व्यक्तिगत रूप् से दुखी हूं। उनका निधन कांग्रेस पार्टी और मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। इस दुख की घड़ी में मेरी शोक संवेदनाऐं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ है।
झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डाॅ0 रामेश्वर उरांव ने राजेन्द्र प्रसाद सिंह के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए यह अपूरणीय क्षति है। एकीकृत बिहार से लेकर झारखण्ड की कालखंड में मंत्री के रूप में उनकी सेवा और योगदान भुलाये नहीं भूली जा सकती है। राजेन्द्र प्रसाद सिंह कोल सेक्टर व श्रमिकों के मसीहा माने जाते थे। बिहार में दो बार मंत्री के अलावा सन् 2014 में हेमन्त सोरेन सरकार में मंत्री के पद पर रह चुके हैं। कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व का उदाहरण दिया है। उनके निधन से संगठन व राज्य ने एक कर्मठ और योग्य नेतृत्व खो दिया है। रांव ने कहा कि 1983 से हीं उनके सम्पर्क में रहा। बहुत हीं सरल, विनीत स्वभाव के व्यक्ति रहे। मैं जब राजनीति में आया, तो उनका बहुत सहयोग रहा। उनके निधन से मुझे अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। दोनों पुत्रों सहित पूरे परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि असाधारण व्यक्ति हमारे बीच से चले गये। राजनीति जगत के महान हस्ती का हमारे बीच से यंू चला जाना काफी दुखद है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड के लिए अपूरणीय क्षति है और आने वाले दिनों में उनकी कमी खलेगी। मंत्री बादल पत्रलेख ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है
राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि झारखण्ड अलग राज्य के निर्माण में उनकी भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। बिहार विधानसभा में मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने अलग राज्य निर्माण के लिए आन्दोलन भी किये और यहां तक कि जेल भी गये।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप तुलस्यान ने कहा कि राजेन्द्र सिंह की कोरोना महामारी में श्रमिकों के बीच उनकी काफी जरूरत थी। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी एवं मजदूरों को गहरा आघात लगा है। व्यक्तिगत रूप से भी एक-एक कांग्रेसजनों के लिए वे काफी नजदीक और प्रिय थे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजेन्द्र प्रसाद सिंह जिन्दादिल और पराक्रम व्यक्तित्व के प्रतीक थे। राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। निश्चल व्यक्तित्व, मृदुभाषी, जुझारू, सहज उपलब्ध रहने वाले व्यक्ति का नाम था राजेन्द्र प्रसाद सिंह। उनके निधन से पूरा राज्य आज शोकमग्न है। कांग्रेस पार्टी के लिए वे हमेशा प्रेरणा के श्रोत बने रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि राजेन्द्र प्रसाद सिंह के निधन की खबर सुनते ही पूरे राज्य में लोग शोकाकुल हो गये हैं। कांग्रेसजनों को सहसा यह विश्वास नहीं हो रहा है राजेन्द्र सिंह हमारे बीच में नहीं है। एक लम्बे राजनीतिक धुर्वतारा का अन्त हो गया।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी राहत निगरानी समिति ने कन्ट्रोल रूम में उपस्थित होक राजेन्द्र प्रसाद सिंह को श्रद्धाजंलि दी तथा दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की। कन्ट्रोल रूम में राहत निगरानी समिति के सदस्य प्रदीप तुलस्यान, आलोक कुमार दूबे एवं लाल किशोरनाथ शाहदेव उपस्थित थे।
शोक व्यक्ति करने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, डाॅ0 इरफान अंसारी, संजय लाल पासवान, जोनल कोआर्डिनेटर रमा खलखो, अशोक चैधरी, सुल्तान अहमद, भीम कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनादि ब्रह्म, प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, आभा सिन्हा, कुमार राजा, संगठन प्रभारी रवीन्द्र सिंह, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन सिंह, प्रदेश ओबीसी अध्यक्ष अभिलाष साहू, प्रदेश अल्पसंख्यक अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी, मदन मोहन शर्मा, निरंजन पासवान, सुरेन्द्र सिंह, जगदीश साहू, अरूण श्रीवास्तव, प्रभात कुमार, सुधीर सिंह, राकेश सिन्हा, राजन वर्मा, राकेश सिन्हा, उज्जवल प्रकाश तिवारी, योगेन्द्र सिंह बेनी, रामानन्द केशरी, भूषण पाण्डेंय आदि शामिल थे।